November 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Rewa Twin Brothers Updates: नहर में फेंकी गई पैंट निकालने उतरा था एक भाई, तेज बहाव की चपेट में आकर दोनों हुए लापता

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सिलपरा नहर में दोस्तों के साथ घूमने गए 17 साल के दो जुड़वा भाई नहर के गहरे और तेज पानी में समा गए। इस अचानक हुए हादसे के बाद घबराए अन्य दोस्तों ने तत्काल घटना की सूचना डायल-112 पुलिस टीम को दी। सूचना पाकर पुलिस और एसडीईआरएफ (SDERF) की टीम कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंच गई, लेकिन देर शाम तक दोनों भाइयों का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया।

अंधेरा घिर जाने के कारण रेस्क्यू टीम को रात में अभियान अस्थायी रूप से टालना पड़ा। अब बुधवार सुबह एक बार फिर एसडीईआरएफ की टीम नहर में उतरकर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चला रही है।

👦 रीवा के विवेकानंद नगर में रहते थे दोनों जुड़वा भाई

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17-17 वर्ष के जुड़वा भाई अंशु सेन और प्रांशु सेन मूल रूप से गोविंदगढ़ के उढकी गांव निवासी राजेश सेन के पुत्र हैं और वर्तमान में रीवा के विवेकानंद नगर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।

मंगलवार शाम दोनों जुड़वा भाई अपने अन्य दोस्तों के साथ ट्यूशन पढ़ने के बाद तकरीबन 4 बजे सिलपरा नहर की तरफ घूमने निकले थे। इसी दरमियान कथित तौर पर पन्नी में भरकर एक पैंट को नहर के पानी में फेंका गया था। उसी पैंट को पानी से वापस बाहर निकालने के लिए अंशु सेन नहर में उतर गया। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिरकर डूबने लगा। अपने भाई को डूबता देख उसे बचाने के प्रयास में दूसरा भाई प्रांशु भी तुरंत नहर में कूद गया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वह भी डूबने लगा और देखते ही देखते दोनों भाई लापता हो गए।

🔦 अंधेरा होने के कारण रोका गया था सर्चिंग अभियान; सुबह फिर जुटी टीम

इस दर्दनाक हादसे के बाद डरे-सहमे दोस्तों ने तुरंत पुलिस की डायल-112 सेवा पर कॉल कर सूचना दी। सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा पुलिस बल और एसडीईआरएफ (SDERF) की रेस्क्यू टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं।

टीम ने लापता जुड़वा भाइयों की आसपास के इलाकों और नहर में काफी खोजबीन की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका। रात होने और घना अंधेरा छा जाने के कारण रेस्क्यू टीम को सर्चिंग अभियान रोकना पड़ा। बुधवार सुबह सूरज निकलते ही रेस्क्यू टीम दोबारा सर्च अभियान चलाकर दोनों भाइयों की तलाश में जुट गई है।

👮 पुलिस कर रही घटना की बारीकी से जांच

बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया, “शाम तकरीबन 5 बजे दो बच्चों के सिलपरा नहर में डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तो जानकारी मिली कि दो जुड़वा भाई अंशु और प्रांशु सेन ट्यूशन पढ़ने के बाद कुल 5 दोस्तों के साथ घूमने के लिए वहां गए हुए थे। इस दौरान उनके द्वारा मोबाइल में फोटो भी ली गई थी। तभी पन्नी में भरकर पैंट फेंकने की घटना हुई थी, जिसे पकड़ने के लिए अंशु सेन पहले पानी में उतरा था और उसे डूबता देख दूसरा भाई प्रांशु भी नहर में उतरा। पानी का बहाव काफी ज्यादा होने के कारण दोनों ही बह गए। एसडीईआरएफ की टीम दोनों की तलाश कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

Share to...